नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से करीब 75 मिनट का स्वतंत्रता दिवस भाषण दिया। भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने कई मुद्दों और वर्गों का जिक्र किया। शब्दों के इस्तेमाल के लिहाज से ‘भारत’ सबसे ज्यादा बार बोला गया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में ‘भारत’ का 111 बार इस्तेमाल किया, जबकि ‘दुनिया’ शब्द का 62 बार जिक्र किया।
युवाओं को 52 बार किया संबोधित
पीएम मोदी ने अपने भाषण में युवाओं पर खास जोर दिया। उन्होंने ‘युवा’, ‘नौजवान’ और ‘युवा शक्ति’ जैसे शब्दों के जरिए युवाओं का कुल 52 बार जिक्र किया।
वहीं संबोधन के दौरान ‘मेरे प्यारे देशवासियो’ 40 बार कहा गया। ‘साथियो’ का इस्तेमाल 10 बार हुआ। इसके अलावा ‘मेरे प्यारे युवाओं’, ‘देश सेवक’ और ‘भाई-बहनों’ जैसे संबोधन भी एक-एक बार बोले गए।
नक्सलवाद, गरीबी और डिजिटल का भी बार-बार जिक्र
प्रधानमंत्री के भाषण में नक्सलवाद, गरीबी, डिजिटल और लाल किले जैसे शब्द भी कई बार सुनाई दिए।
- नक्सल से जुड़े शब्द: 15 बार
- गरीबी और गरीब: 7 बार
- लाल किला: 11 बार
- डिजिटल: 10 बार
‘देशवासियो’ के बाद ‘परिवारजनों’ भी रहा पसंदीदा संबोधन
‘देशवासियो’ लंबे समय से पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषणों का प्रमुख संबोधन रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने 2025 में करीब 50 बार, 2024 में 30 बार, 2023 में 15 बार और 2022 में 40 से ज्यादा बार इसका इस्तेमाल किया था।
वहीं ‘परिवारजनों’ भी प्रधानमंत्री के भाषणों में प्रमुख संबोधन रहा है। 2023 में उन्होंने इसका करीब 50 बार इस्तेमाल किया था।
‘साथियो’ शब्द का इस्तेमाल भी पिछले वर्षों के मुकाबले अलग-अलग रहा। 2025 में करीब 35 बार, 2024 में 30 बार, 2023 में 5 बार और 2022 में करीब 8 बार इसका इस्तेमाल हुआ था।
लाल किले से लगातार 13वीं बार संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल लाल किले से लगातार 13वीं बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित किया।
हालांकि, लगातार सबसे ज्यादा स्वतंत्रता दिवस भाषण देने का रिकॉर्ड अभी भी जवाहरलाल नेहरू के नाम है। नेहरू ने लाल किले से लगातार 17 बार स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित किया था।


