रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित छात्रों के लिए राहत की खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। अब छात्र खाली सीटों वाले शासकीय और निजी कॉलेजों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दाखिला ले सकेंगे।
इस फैसले से उन विद्यार्थियों को फायदा होगा, जो किसी कारण से तय समय सीमा में प्रवेश नहीं ले पाए थे। खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के छात्रों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले 14 अगस्त थी अंतिम तारीख
कॉलेजों में प्रवेश के लिए पहले प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई और कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक की समय सीमा निर्धारित थी। समय सीमा खत्म होने के बाद भी प्रदेश के कई कॉलेजों में सीटें खाली रह गई थीं।
वहीं, कई विद्यार्थी भी विभिन्न कारणों से समय पर प्रवेश नहीं ले सके। इसी को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब 31 अगस्त तक खाली सीटों पर प्रवेश लिया जा सकेगा।
छात्रों का एक साल खराब नहीं होने देंगे: मंत्री
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी व्यावहारिक कारणों से समय पर कॉलेज में प्रवेश नहीं ले पाए थे।
उन्होंने कहा कि केवल प्रवेश की तारीख निकल जाने के कारण किसी योग्य छात्र का एक साल खराब नहीं होना चाहिए। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख बढ़ाई गई है। मंत्री ने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
खाली सीटों पर मिलेगा दाखिला
नए आदेश के तहत जिन शासकीय और निजी कॉलेजों में सीटें उपलब्ध हैं, वहां विद्यार्थी 31 अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। छात्रों को संबंधित कॉलेज में उपलब्ध पाठ्यक्रम और सीटों की जानकारी लेकर समय सीमा के भीतर प्रवेश लेना होगा।


