नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र मोहासा स्थित भगवती राइस मिल में शनिवार शाम काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मशीन की चपेट में आने से 45 वर्षीय मजदूर महेश नामदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका एक हाथ और एक पैर कट गया। गंभीर हालत में उन्हें भोपाल के सागर हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
महेश नामदेव बिकोर गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल माखननगर में रहकर राइस मिल में मजदूरी करते थे। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे काम के दौरान वे मशीन की चपेट में आ गए। साथी मजदूरों ने किसी तरह उन्हें मशीन से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर कर दिया।
24 घंटे बाद भी कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं
हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन पर घटना की जानकारी छिपाने के आरोप लग रहे हैं। सूचना मिलने पर माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर शनिवार रात करीब 9 बजे फैक्ट्री पहुंचीं, लेकिन फैक्ट्री का गेट बंद मिला। पुलिस टीम अंदर नहीं जा सकी।
रविवार शाम नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और श्रम विभाग की टीम दोबारा फैक्ट्री पहुंची। इस दौरान भी कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया।
कंपनी जीएम ने कहा- छुट्टी पर हूं
कंपनी प्रतिनिधि सुरेश यादव और जनरल मैनेजर से घटना को लेकर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन जीएम ने खुद के छुट्टी पर होने की बात कही। वहीं, श्रम निरीक्षक से भी संपर्क नहीं हो सका।
पुलिस कर रही मामले की जांच
माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि मजदूर के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली है। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से थाने में अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
तीन महीने पहले भी हो चुकी है मजदूर की मौत
मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में करीब तीन महीने पहले भी एक हादसे में मजदूर की मौत हो चुकी है। दावत कंपनी के प्लॉट पर मिट्टी में दबने से मजदूर अतुल यादव की जान चली गई थी। अब एक बार फिर इसी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूर के हाथ-पैर कटने का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।


