इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को 14D थिएटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने तोते उड़ाकर थिएटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम से पहले एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक जीवन को याद किया।
सीएम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने करीब 50 साल विपक्ष में रहते हुए राजनीति की और तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनके जीवन से संवाद के जरिए समाधान और सभी को साथ लेकर चलने की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने पाकिस्तान को संवाद का मौका दिया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो कारगिल में भारतीय सेना ने टाइगर हिल समेत अन्य क्षेत्रों से घुसपैठियों को खदेड़ दिया।
मुख्यमंत्री ने रानी अवंतीबाई लोधी को भी उनके जन्मोत्सव पर याद किया और कहा कि उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना बलिदान दिया।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना
सीएम मोहन यादव ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न तो इंदौर में वंदे मातरम् का सम्मान करती है और न ही दिल्ली में उसके नेता इसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस मामले में माफी मांगनी चाहिए।
अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम परिषद में कांग्रेस के दो पार्षद पहले भी वंदे मातरम् का अपमान कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि नए कानून के लागू होने के बाद ऐसे मामलों में कार्रवाई और सख्त होगी।
सीएम ने कंधे पर उठाया विशाल शिवलिंग
मुख्यमंत्री के स्वागत का अंदाज भी चर्चा में रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलाब और रुद्राक्ष की बड़ी मालाएं पहनाईं और एक विशाल शिवलिंग भेंट किया। मुख्यमंत्री ने शिवलिंग को अपने कंधे पर उठाया और कुछ देर तक लेकर चले। उनके इस अंदाज को मौके पर मौजूद लोगों ने ‘बाहुबली’ अंदाज बताया।
काफिला रोककर कांवड़ यात्री से मिले
इंदौर में मुख्यमंत्री का एक और वीडियो चर्चा में रहा। धार्मिक यात्रा पर जा रहे कांवड़ यात्री को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। सीएम ने कांवड़ यात्री बाबू पटेल से मुलाकात की, उनकी कांवड़ अपने कंधे पर उठाई और कुछ दूर तक लेकर चले। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्री से बातचीत भी की।
कांग्रेस कार्यालय में वंदे मातरम् को लेकर भाजपा का आरोप
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त को इंदौर शहर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् का केवल करीब 55 सेकंड का हिस्सा गाया गया। उन्होंने गृह मंत्रालय के 9 जुलाई 2026 के प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए इसे नियमों की अनदेखी बताया है।
भाजपा ने जिला प्रशासन से कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और संबंधित निर्देशों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कांग्रेस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


