जयपुर। IPL 2027 से पहले राजस्थान रॉयल्स में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को रिलीज करने पर विचार कर रही है। यह भी दावा किया जा रहा है कि जायसवाल का मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के साथ ट्रेड हो सकता है। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस या दोनों खिलाड़ियों की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रियान पराग को कप्तानी मिलने से नाराजगी की चर्चा
रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान मैनेजमेंट यशस्वी के रवैये से खुश नहीं है। इसकी एक वजह रियान पराग को यशस्वी से पहले कप्तानी की जिम्मेदारी दिया जाना बताई जा रही है। हालांकि, यह जानकारी अभी रिपोर्ट्स पर आधारित है और फ्रेंचाइजी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
वैभव सूर्यवंशी ने बनाई अलग पहचान
IPL 2026 में यशस्वी जायसवाल ने 16 मैचों में 427 रन बनाए। उनका औसत 30.50 और स्ट्राइक रेट 152.50 रहा। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए।
वहीं, उनके ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। वैभव ने सीजन में ऑरेंज कैप, सुपर सिक्सेस और सुपर स्ट्राइकर जैसे खिताब अपने नाम किए।
राजस्थान को फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर की तलाश
राजस्थान रॉयल्स को टीम में एक मजबूत फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर की जरूरत बताई जा रही है। फ्रेंचाइजी ने पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड के जरिए संजू सैमसन के बदले सैम करन और रवींद्र जडेजा को टीम में शामिल किया था। हालांकि सैम करन चोट के कारण पूरे सीजन में एक भी मुकाबला नहीं खेल सके।
इसी वजह से हार्दिक पंड्या को टीम में शामिल करने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं।
हार्दिक के ट्रेड की चर्चा पहले भी
हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर पहले भी कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के नाम भी उनके संभावित ट्रेड को लेकर चर्चा में रहे हैं।
हालांकि, मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने स्पोर्टस्टार से बातचीत में खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर किसी बातचीत से इनकार किया था।
मुंबई में हार्दिक की कप्तानी पर भी सवाल
हार्दिक पंड्या 2024 में गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस में लौटे थे। इसके बाद रोहित शर्मा की जगह उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई 2024 में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी। 2025 में टीम प्लेऑफ तक पहुंची, जबकि 2026 में एक बार फिर ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई।
फिलहाल यशस्वी-हार्दिक ट्रेड की खबरें सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स तक सीमित हैं। आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति साफ होगी।


