रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम की मौत हो गई। महात्मा गांधी नगर वार्ड नंबर-4 में खेलते समय काव्यांश साहू नाले में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया और तत्काल मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा किन परिस्थितियों में नाले में गिरा।
खुले नालों को लेकर व्यवस्था पर सवाल
हादसे के बाद इलाके में खुले नालों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह नालों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
