भाजपा पर देशभक्ति को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा के नेता कांग्रेस को वंदे मातरम् के सम्मान का पाठ पढ़ा रहे हैं और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर भी बयान दिए जा रहे हैं।
बैज ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् का पूरा गायन हुआ था। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को देशभक्ति और राष्ट्रगीत के सम्मान का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है।
‘भाजपा कांग्रेस को देशभक्ति न सिखाए’
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस आजादी के आंदोलन के समय से ही वंदे मातरम् को जनजागरण के माध्यम के रूप में इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाने से पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।
RSS-BJP से बैज की चुनौती
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा और RSS को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने कार्यालयों में वंदे मातरम् के गायन का वीडियो जारी करें। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों में लगातार वंदे मातरम् का गायन करती रही है।
बैज ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग लंबे समय तक अपने कार्यालयों में तिरंगा नहीं फहराते थे, वे आज वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस को सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान के लिए कांग्रेस को भाजपा से सीख लेने की जरूरत नहीं है।
भाजपा का पलटवार- कांग्रेस कर रही भ्रम फैलाने का काम
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। ठाकुर ने कहा कि भाजपा में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को हमेशा सम्मान दिया जाता रहा है।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् को नियमित रूप से शामिल करती रही है और क्या भविष्य में भी इसे अपने कार्यक्रमों का हिस्सा बनाएगी।
वंदे मातरम् को लेकर दोनों दलों के बीच शुरू हुई यह सियासी बहस अब बयानबाजी का रूप ले चुकी है।


