रायपुर नगर निगम में संपत्ति कर खातों के नामांतरण में हुई गड़बड़ी के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम कमिश्नर ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए गए कर्मचारियों में दो को निलंबित किया गया है, जबकि तीन मस्टर कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
जोन क्रमांक 10, वार्ड क्रमांक 39 के बिल कलेक्टर रियाज अंसारी और मुख्यालय राजस्व में पदस्थ संजय यादव को सस्पेंड किया गया है। वहीं जोन क्रमांक 13 के बिल कलेक्टर सौरभ तिवारी, रिमूवल विभाग में पदस्थ मस्टर कर्मचारी संतोष मालवीय और जोन क्रमांक 20 के बिल कलेक्टर अजय सोलंकी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
साइबर क्राइम शाखा में FIR के निर्देश
मामले में नगर निगम के उपायुक्त राजस्व को साइबर क्राइम शाखा में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आउटसोर्स कर्मचारी सागर पवार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जोन क्रमांक 4 में पदस्थ प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी तरुण जोशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बिना आवेदन बदले जा रहे थे संपत्ति कर खातों के नाम
जानकारी के मुताबिक, नवंबर से अप्रैल के बीच संपत्ति कर खातों में बिना विधिवत आवेदन के ओनर नेम में बदलाव किए जाने की शिकायत सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम कमिश्नर ने जांच कमेटी गठित की थी।
कमेटी की जांच रिपोर्ट में कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद अब उनके खिलाफ निलंबन, सेवा समाप्ति और एफआईआर समेत कई स्तरों पर कार्रवाई की गई है।
