मध्यप्रदेश के गुना जिले के एक सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा की 10 छात्राओं की पानी की बोतलों में कथित तौर पर पेशाब मिलाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। छात्राएं क्लासरूम से बाहर रंगोली बना रही थीं, इसी दौरान कुछ छात्रों ने उनकी पानी की बोतलों में पेशाब मिला दिया।
बताया जा रहा है कि छात्राओं ने अनजान में बोतल का पानी पी भी लिया। बाद में जब उन्हें पानी में पेशाब मिलाए जाने की जानकारी हुई तो वे रोते हुए स्कूल की प्राचार्य के पास शिकायत लेकर पहुंचीं।
आरोप है कि इस दौरान प्राचार्य मूलचंद कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय छात्राओं से कहा कि अगर मुंह खराब हो गया हो तो 10-10 रुपये वाली चॉकलेट खा लो।
रोते हुए घर पहुंचीं छात्राएं
घटना के बाद छात्राएं रोते हुए घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी बात बताई। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और जमकर विरोध किया। आक्रोशित लोगों ने स्कूल में ताला जड़ दिया। उन्होंने घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले को गंभीरता से नहीं लेने के आरोपों को लेकर प्राचार्य पर भी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल परिसर में नारेबाजी की। हंगामा बढ़ने और स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना प्रशासन को दी गई।
तहसीलदार और बीईओ मौके पर पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोन एसडीएम मंजूषा खत्री ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने तहसीलदार कृष्णकांत चौबे और बीईओ संतोष धाकड़ को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित छात्राओं, उनके परिजनों और कथित तौर पर घटना में शामिल छात्रों के बयान दर्ज किए। प्रशासन ने घटनाक्रम से जुड़े सभी पक्षों से जानकारी जुटाई।
एसडीएम ने बीईओ को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
दो दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
एसडीएम मंजूषा खत्री ने बताया कि तहसीलदार और बीईओ को मौके पर भेजा गया था। बीईओ को दो दिन के भीतर मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूल की प्राचार्य को भी नोटिस जारी किया गया है।
फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन छात्र शामिल थे और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।


