रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और उसके नवजात बच्चे को बेचने के आरोप का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता पर वर्ष 2023 से करीब तीन साल तक लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने आरोपी पिता, बुआ समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पीड़िता की उम्र छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और उसे अस्पताल में भर्ती कराने से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
शराब पिलाकर दुष्कर्म का आरोप, धमकी देकर कराया चुप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर उसके पिता ने कथित तौर पर उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी पिता ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी उसका कथित तौर पर लगातार शोषण किया जाता रहा।
इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। जब उसने अपनी बुआ को इसकी जानकारी दी तो आरोप है कि बुआ ने भी उसका साथ देने के बजाय उसके साथ मारपीट की और जबरन गर्भपात की दवा खिला दी।
दोबारा गर्भवती हुई तो फर्जी आधार बनाकर बालिग दिखाया
पुलिस के मुताबिक, गर्भपात के बाद भी पीड़िता का कथित शोषण जारी रहा। वर्ष 2025 में वह दोबारा गर्भवती हो गई।
इसके बाद आरोपी पिता उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास लेकर गया। पुलिस का आरोप है कि पीड़िता की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और दस्तावेजों में उसे बालिग दिखाया गया।
इसके बाद उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में बेटे को जन्म, नवजात को बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों पर नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप है।
पुलिस अब नवजात से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चे को किसे सौंपा गया और इस पूरी प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
पिता-बुआ समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने POCSO Act, Juvenile Justice Act और BNS की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, बुआ और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत कुल 6 लोग शामिल हैं।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और नवजात से जुड़े तथ्यों के साथ-साथ फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और अस्पताल में भर्ती कराने की पूरी प्रक्रिया की भी पड़ताल की जा रही है।

