छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
राजधानी रायपुर में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार झारखंड और उससे सटे पश्चिम बंगाल में बने डिप्रेशन सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश हो रही है।
कन्हर नदी उफान पर, निचले इलाकों में बढ़ा खतरा
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लगातार बारिश के कारण कन्हर नदी उफान पर है। इस सीजन में नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पानी रामानुजगंज नगर के वार्ड नंबर 9 में सीसी रोड तक पहुंच गया है।
नदी का पानी बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और नगर पालिका ने निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
आज कई जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 19 अगस्त को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी है।
अगले 48 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
झारखंड का डिप्रेशन धीरे-धीरे होगा कमजोर
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में बना डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदलने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में बारिश के रूप में दिखाई दे रहा है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड हुआ।


