इंदौर के वार्ड 75 के भावना नगर-पालदा नाका क्षेत्र में सड़क की बदहाली को लेकर पार्षद और रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने से नाराज पार्षद कुणाल सोलंकी रहवासियों के साथ सड़क पर जमा कीचड़ में बैठ गए और धरना दिया। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की।
रहवासियों के मुताबिक, यह सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। बारिश होते ही सड़क पर पानी, कीचड़ और गड्ढों की स्थिति बन जाती है। इससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
चार साल से अधूरा पड़ा है सड़क निर्माण
पार्षद कुणाल सोलंकी ने कहा कि जब तक सड़क की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सोलंकी के मुताबिक, सड़क निर्माण का काम करीब चार साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक पूरा नहीं किया गया। यह सड़क वार्ड 75 और 77 के बीच आती है। अधूरे निर्माण के कारण आसपास रहने वाले लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने और कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों के लिए रास्ता मुश्किल हो जाता है। पैदल राहगीरों को भी आवाजाही में परेशानी होती है।
रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। वहीं, पार्षद ने भी चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।


