भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने वाले 60 वर्षीयp रियल एस्टेट कारोबारी के घर आधी रात कथित फायरिंग का मामला सामने आया है। कारोबारी संतोष सिंह तोमर का आरोप है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे आधा दर्जन से ज्यादा लोग SUV से उनके घर पहुंचे और गेट के बाहर दो राउंड फायर किए।
कारोबारी का दावा है कि फायरिंग के बाद बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। उन्होंने गांव में रहने वाले लखन मारण पर संदेह जताया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
अवैध प्लॉटिंग की शिकायत के बाद विवाद का आरोप
संतोष सिंह तोमर के मुताबिक, लखन मारण इलाके में कथित तौर पर अवैध प्लॉटिंग कर रहा था, जिसकी उन्होंने शिकायत की थी। कारोबारी का कहना है कि शिकायत के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
उनका आरोप है कि उन्हें पहले फोन पर धमकी दी गई थी। कथित तौर पर कहा गया था कि उन्हें न तो कारोबार करने दिया जाएगा और न ही इलाके में रहने दिया जाएगा।
कारोबारी का दावा है कि फोन पर धमकी मिलने के कुछ समय बाद ही कुछ लोग उनके घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग की।
SUV से पहुंचे बदमाश, CCTV में घटनाक्रम कैद होने का दावा
फरियादी के अनुसार, रात करीब ढाई बजे एक SUV से आधा दर्जन से अधिक लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने गेट के बाहर फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। कारोबारी का कहना है कि घर और आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।
कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत
कारोबारी का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत दी है।
शिकायत में उन्होंने कथित फायरिंग को अवैध प्लॉटिंग की शिकायत के बाद शुरू हुए विवाद से जोड़ते हुए पूरे मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- CCTV में गोली चलाते नहीं दिखा कोई व्यक्ति
रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस टीम CCTV फुटेज की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, अब तक सामने आए CCTV फुटेज में कोई व्यक्ति गोली चलाते हुए दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


