मध्य प्रदेश में शुक्रवार से सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत होने जा रही है। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 7 शहरों में कुल 351 बसें संचालित की जाएंगी। परिवहन विभाग ने इंटरसिटी बस सेवा के लिए 2 रुपए प्रति किलोमीटर किराया निर्धारित किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत करेंगे।
सेवा के शुभारंभ से पहले गुरुवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीएचईएल दशहरा मैदान पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, सभा स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने बसों को देखा और ड्राइवरों से बातचीत की। इस दौरान परिवहन सचिव मनीष सिंह भी मौजूद रहे।
सीएम बोले- बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 21 साल बाद प्रदेश में लोक परिवहन बस सेवा दोबारा शुरू होना ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ई-बसों और सुविधायुक्त बसों का नेटवर्क चरणबद्ध तरीके से नगरों और जिलों तक पहुंचाया जाएगा।
इसके तहत यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टॉप, बस स्टैंड, इलेक्ट्रॉनिक सुविधाएं और बेहतर कंट्रोलिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
एक व्यवस्था के तहत संचालित होंगी बसें
सुगम परिवहन सेवा के तहत अलग-अलग बस एजेंसियों की सेवाओं को एक व्यवस्था के तहत लाने की योजना है। भोपाल में भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड के साथ पीएम बस सेवा का संचालन किया जा रहा है।
इसी तरह इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन समेत अन्य शहरों में भी बस सेवाओं को एक व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा।
बसों को एकरूपता देने के लिए एक ही रंग में पेंट या स्टीकर लगाने का काम किया गया है। सोशल मीडिया पर इससे संबंधित फोटो और वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने बताया कि यह काम संबंधित बस एजेंसियों की ओर से किया गया है।
सुगम परिवहन सेवा में इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल
सुगम परिवहन सेवा में ईजी मायट्रिप की सहायक कंपनी ईएमटीईवी/ईजी ग्रीनमोबिलिटी की बसें भी शामिल हैं। कंपनी की 12 मीटर इलेक्ट्रिक सीटर बस को लंबी दूरी के सार्वजनिक परिवहन के लिए तैयार किया गया है।
इन बसों में प्रीमियम और एर्गोनॉमिक सीटिंग, व्यक्तिगत एयर वेंट और यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठने की जगह उपलब्ध कराई गई है। बसों में यात्रियों के प्रवेश और आवागमन को भी सुविधाजनक बनाने की व्यवस्था की गई है।



