राजधानी रायपुर में कार सवार कारोबारी को कार से ऑयल गिरने का झांसा देकर रोकने और मौका पाकर कार से बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11:40 बजे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास हुई। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फाफाडीह ओवरब्रिज के पास रोका
पुलिस के मुताबिक, नेचर सिटी अमलीडीह निवासी कारोबारी कौस्तुभ धर्माधिकारी रावाभाठा स्थित कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक हैं। 24 सितंबर को वह कार नंबर CG04PS7590 से घर से ऑफिस जा रहे थे।
फाफाडीह ओवरब्रिज के पास एक युवक ने उन्हें बताया कि कार के बोनट के सामने ऑयल गिर रहा है। कुछ दूर आगे जाने के बाद एक अन्य युवक ने भी कारोबारी को इसी बारे में बताया।
बोनट की फोटो खींचने के दौरान बैग चोरी
इसके बाद कारोबारी ने कार को यू-टर्न लेकर सड़क किनारे खड़ा किया और सर्विस सेंटर में फोन किया। सर्विस सेंटर की ओर से उन्हें बोनट की फोटो भेजने के लिए कहा गया।
कारोबारी कार से नीचे उतरे और बोनट की फोटो खींचकर सर्विस सेंटर को भेजने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी कार से ब्राउन रंग का बैग चोरी कर फरार हो गए।
बैग में 25 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज
कार में वापस लौटने पर कारोबारी को बैग गायब मिला। बैग में 25 हजार रुपए नकद, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंक से जुड़े कागजात, ऑफिस के दस्तावेज और चाबियां रखी थीं।
घटना के बाद कारोबारी ने अपने परिचित प्रशांत सुब्रमण्या और शारदाचरण पटेल को मामले की जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फाफाडीह ओवरब्रिज और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।



