श्रीलंका ने दूसरे वनडे में इंग्लैंड को 16 रन से हरा दिया। हेडिंग्ले में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 321 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 9 विकेट पर 305 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार को द ओवल में खेला जाएगा।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने इंग्लैंड की धरती पर सात साल बाद वनडे मुकाबला जीता है। इससे पहले 2019 में भी श्रीलंका ने हेडिंग्ले में ही इंग्लैंड को हराया था।
कुसल मेंडिस ने जड़ा शानदार शतक
श्रीलंका की जीत में कप्तान कुसल मेंडिस ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 82 गेंदों पर शतक पूरा किया और 121 रन की शानदार पारी खेली।
कुसल मेंडिस ने कामिंदु मेंडिस के साथ 137 रन की साझेदारी की। कामिंदु ने 54 रन बनाए। इसके अलावा पवन रथनायके ने 48 और जनिथ लियानगे ने 32 रन का योगदान दिया।
ओवरटन की गेंद पर चौका लगाकर पूरा किया शतक
श्रीलंका ने पावरप्ले में तेज शुरुआत की। 32वें ओवर में टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। कुसल मेंडिस ने जोश टंग के एक ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाकर 19 रन बटोरे।
इसके बाद जेमी ओवरटन की गेंद पर चौका लगाकर कुसल मेंडिस ने अपना शतक पूरा किया।
बटलर की चोट से बदला मैच का रुख
322 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत भी शानदार रही। बेन डकेट ने 67 और टॉम बैंटन ने 73 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की।
इसके बाद दुनिथ वेल्लालागे ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका की वापसी कराई।
जोस बटलर ने 45 गेंदों पर 69 रन बनाकर इंग्लैंड की पारी को संभाला। हालांकि, 38वें ओवर में हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। उस समय इंग्लैंड को जीत के लिए 68 रन की जरूरत थी।
बटलर बाद में दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन सिर्फ चार गेंद खेल सके और चोट से परेशान नजर आए। इसके बाद इंग्लैंड की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
