ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद या अन्य वजहों के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही सगे भाई की ब्रेजा कार में आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने भाई को फोन कर कार में आग लगने की सूचना दी। रविवार देर रात हुई यह पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। सोमवार सुबह वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। घटना के बाद से आरोपी अपना मोबाइल बंद कर फरार है।
बाइक से निकाला पेट्रोल, कार का कांच तोड़कर लगाई आग
मामला नाका चंद्रवदनी स्थित नहर वाली माता रोड का है। यहां रहने वाले अशोक कुशवाह ट्रांसपोर्ट नगर में लेथ मशीन का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
अशोक के मुताबिक, वह अपनी ब्रेजा कार घर के पास खड़ी करते हैं। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उनके भाई प्रेम कुशवाह ने फोन कर कार में आग लगने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही अशोक घर से बाहर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक कार की सीट और अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। कार का कांच भी टूटा हुआ मिला।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें प्रेम कुशवाह पहले अपनी बाइक से पेट्रोल निकालता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह कार के पास पहुंचकर उसका कांच तोड़ता है और अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा देता है।
सोमवार सुबह घटना का वीडियो सामने आने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।
वारदात के बाद से आरोपी मोबाइल बंद कर गायब
कार में आग लगाने की घटना के बाद से प्रेम कुशवाह घर से गायब है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभि शर्मा ने बताया कि कार में आग लगने की घटना हुई है। पीड़ित ने अपने ही भाई पर कार में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।









































