सोशल मीडिया पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े फोटो और वीडियो हटाने की जिम्मेदारी निभाने वाले कंटेंट मॉडरेटर खुद मानसिक आघात का शिकार हो रहे हैं। मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाके में रहने वाली सोनिया (बदला हुआ नाम) भी ऐसे ही काम से जुड़ी हैं। उन्हें हर महीने करीब 20 हजार रुपए वेतन मिलता है और रोजाना लगभग 1500 तस्वीरों और वीडियो की जांच करनी पड़ती है। हर कंटेंट पर फैसला लेने के लिए उन्हें महज 19 सेकंड मिलते हैं।
लगातार बच्चों के शोषण से जुड़ी भयावह तस्वीरें और वीडियो देखने का असर अब उनकी जिंदगी पर पड़ने लगा है। पहले उन्हें माइग्रेन की समस्या हुई, फिर घबराहट रहने लगी और अब डरावने सपने आने लगे हैं। सोनिया का कहना है कि आंखें बंद करने पर भी बच्चों के शोषण की तस्वीरें उनके सामने घूमने लगती हैं। उनका सवाल है कि बच्चों को सुरक्षित रखने और दुनिया को बेहतर बनाने का काम करने की कीमत उन्हें अपनी मानसिक सेहत से क्यों चुकानी पड़ रही है?
देश में करीब 70 हजार लोग कर रहे कंटेंट मॉडरेशन का काम
अनुज (बदला हुआ नाम) भी इस काम के मानसिक असर से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार आपत्तिजनक और भयावह कंटेंट देखने के कारण धीरे-धीरे उनकी संवेदनाएं प्रभावित होने लगीं। उन्हें ऐसे सपने आने लगे, जिनमें वे खुद बच्चों का शोषण करते दिखाई देते थे। इससे उन्हें डर सताने लगा कि कहीं वे वास्तविक जीवन में भी ऐसा अपराध न कर बैठें।
इस मामले में भास्कर ने सोनिया के नियुक्ति पत्र और गोपनीयता समझौते की जांच की। कुल 16 पन्नों के दस्तावेजों में यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि इस तरह के वीडियो देखने से मानसिक नुकसान होने पर कर्मचारियों को किस तरह की सहायता मिलेगी।
आईटी उद्योग संगठन नैस्कॉम के मुताबिक, वर्ष 2021 तक भारत में करीब 70 हजार लोग कंटेंट मॉडरेशन का काम कर रहे थे। इनमें हर पांच में से चार कर्मचारी ग्रामीण या वंचित समुदायों से थे। इस क्षेत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी आधी या उससे अधिक बताई गई है।
मनोवैज्ञानिक बोले- गंभीर मामलों में बढ़ सकता है आत्महत्या का जोखिम
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट ऋषिका सिमरन मुखर्जी के मुताबिक, लगातार भयावह वीडियो और तस्वीरें देखने से कर्मचारियों की मानसिक सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। शुरुआत में अनचाहे दृश्य बार-बार याद आना, चिड़चिड़ापन और नींद खराब होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। लंबे समय तक ऐसी स्थिति बने रहने पर यह पीटीएसडी यानी पोस्ट ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर का रूप ले सकती है।
इस समस्या से जूझ रहे कर्मचारियों को डरावने सपने आते हैं और उन्हें लगातार किसी खतरे का एहसास होता रहता है। इसका असर उनके पारिवारिक और निजी जीवन पर भी पड़ता है। कुछ कर्मचारी अपने पार्टनर से दूरी बनाने लगते हैं, तो कुछ अपने बच्चों को लेकर जरूरत से ज्यादा सुरक्षात्मक हो जाते हैं। कई लोग परिवार और समाज से कटने लगते हैं।
विशेषज्ञ के अनुसार, लंबे समय तक तनाव, अकेलापन और बेबसी की भावना आत्महत्या का जोखिम भी बढ़ा सकती है। नौकरी छोड़ने के कई महीनों बाद भी मानसिक आघात बना रह सकता है।
आउटसोर्सिंग के जरिए जवाबदेही से बचती हैं विदेशी कंपनियां
सुप्रीम कोर्ट के वकील और साइबर कानून विशेषज्ञ विराग गुप्ता के मुताबिक, विदेशी सोशल मीडिया कंपनियां भारत में आउटसोर्सिंग के जरिए कंटेंट मॉडरेशन का काम कराती हैं। इससे कर्मचारियों और मूल कंपनियों के बीच सीधा रोजगार संबंध नहीं बन पाता और जवाबदेही तय करना मुश्किल हो जाता है।
वर्ष 2013 में दिल्ली हाईकोर्ट ने केएन गोविंदाचार्य मामले में सोशल मीडिया कंपनियों की जवाबदेही से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भारत में काम करने वाली कुछ विदेशी कंपनियों की इकाइयां खुद को केवल मार्केटिंग और विज्ञापन तक सीमित बताती हैं।
वर्ष 2021 के आईटी नियमों के तहत विदेशी सोशल मीडिया कंपनियों के लिए भारत में शिकायत अधिकारी और नोडल अधिकारी नियुक्त करना जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आपत्तिजनक कंटेंट हटाने की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य की जवाबदेही भी मूल कंपनियों पर तय होनी चाहिए।
गुप्ता के अनुसार, कंटेंट मॉडरेटर का विदेशी कंपनियों से सीधा अनुबंध नहीं होने के कारण उन्हें श्रम कानूनों के तहत पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल पाती। कर्मचारियों के अनुबंध मजबूत करने और कंपनियों की जवाबदेही तय करने की जरूरत है। आईटी नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कंपनियों के सेफ हार्बर संरक्षण पर भी सवाल उठ सकता है।
विदेश में बनते हैं नियम, भारत में कर्मचारी झेलते हैं मानसिक आघात
कोलंबिया यूनिवर्सिटी की विशेषज्ञ अनिका कोलियर नवारोली के मुताबिक, सोशल मीडिया कंपनियों में कंटेंट मॉडरेशन का काम कई स्तरों पर बंटा हुआ है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में कंपनी की मुख्य टीम कंटेंट जांचने के नियम बनाती है, जबकि भारत जैसे देशों में छोटी-छोटी कंपनियों के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती की जाती है।
इन कर्मचारियों को ‘घोस्ट वर्कर्स’ यानी अदृश्य कर्मचारी कहा जाता है। कंपनियां उनसे दूरी बनाए रखती हैं, जिससे कानूनी जवाबदेही से बचना आसान हो जाता है। कर्मचारियों को होने वाले मानसिक नुकसान के बावजूद यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि इसकी जिम्मेदारी किस कंपनी की है।
नवारोली के अनुसार, कई सोशल मीडिया कंपनियों को यह तक स्पष्ट जानकारी नहीं होती कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में उनके कितने कंटेंट मॉडरेटर काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि यह केवल जानकारी की कमी नहीं, बल्कि कर्मचारियों की स्थिति और उनके जोखिमों के प्रति जानबूझकर उदासीन रहने की संस्कृति को दर्शाता है।
इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा के लिए काम करने वाले कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, रोजगार सुरक्षा और विदेशी कंपनियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


