हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब रायत-बाहरा यूनिवर्सिटी, होशियारपुर की टीम ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में यूनिवर्सिटी की टीम ने ऊना को 2-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जिला खेल परिषद और फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया।
उपायुक्त ने विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन समारोह में उपायुक्त एवं जिला खेल परिषद के अध्यक्ष अपूर्व देवगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए जिला खेल परिषद, फुटबॉल एसोसिएशन और आयोजन समिति के पदाधिकारियों का आभार जताया। उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 1961 में शुरू हुई यह ऐतिहासिक प्रतियोगिता दशकों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने का मंच प्रदान कर रही है।
नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। इसके साथ ही अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण भी विकसित होते हैं।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल, पढ़ाई तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
‘खेलो हिमाचल’ और नशामुक्ति अभियान से जुड़ा आयोजन
इस बार प्रतियोगिता को प्रदेश सरकार के नशामुक्ति अभियान से भी जोड़ा गया था। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था।
यह आयोजन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की महत्वाकांक्षी ‘खेलो हिमाचल’ मुहिम को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।


