इंदौर में साइबर ठगी के लिए लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनका इस्तेमाल करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मंगलवार को रतलाम निवासी मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी लोगों को 10-10 हजार रुपए देने का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था। इसके बाद इन खातों के जरिए देशभर में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता था। पुलिस ने खाता बेचने वाले इंदौर निवासी अंशु के खिलाफ भी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
फेडरल बैंक के खाते की जांच से हुआ खुलासा
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल अकाउंट की जांच शुरू की थी। तकनीकी जांच में खाते का मूल धारक इंदौर निवासी अंशु निकला।
पूछताछ में पता चला कि अंशु ने 10 हजार रुपए लेकर अपने बैंक खाते का पूरा संचालन रतलाम जिले के आलोट स्थित मीना कॉलोनी निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा पुत्र काशीराम मीणा को सौंप दिया था। आरोपी इसी खाते में साइबर ठगी की रकम मंगवा रहा था।
तमिलनाडु और तेलंगाना में भी दर्ज हैं मामले
जांच के दौरान सामने आया कि इस बैंक खाते के खिलाफ दो राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इनमें तमिलनाडु के कल्लाकुरिची साइबर क्राइम थाने और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम थाने के मामले शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पप्पू इसी तरीके से कई अन्य लोगों को 10-10 हजार रुपए देकर उनके बैंक खाते हासिल कर चुका है। इन खातों का इस्तेमाल भी साइबर फ्रॉड की रकम के लेनदेन में किया गया। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और इस्तेमाल किए गए दूसरे बैंक खातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
ऑनलाइन गेमिंग के लिए 10 हजार रुपए में खरीदा बैंक खाता
दूसरी ओर, लसूड़िया पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल के लिए बैंक खाते खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीआई राजकुमार यादव की टीम ने मंदसौर के धरियाखेड़ी निवासी शुभम पुत्र विनोद मालवीय को पकड़ा।
आरोपी के पास से एसबीआई की चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। ये दस्तावेज रतलाम के सांवलिया बैंकिंग पॉइंट से जुड़े विनोद के नाम पर हैं। पूछताछ में शुभम ने बताया कि उसने यह बैंक खाता 10 हजार रुपए में खरीदा था। पुलिस अब उससे अन्य बैंक खातों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
