मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख घोषित कर दी है। अब परीक्षा 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इसके प्रवेश पत्र जल्द ही मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
इससे पहले परीक्षा 19 नवंबर से आयोजित होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की एक अन्य परीक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था।
7,500 पदों पर होगी भर्ती, 700 पद SAF के
पुलिस विभाग में कुल 7,500 आरक्षकों की भर्ती की जाएगी। इनमें 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर) और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए निर्धारित हैं।
इन पदों के लिए प्रदेशभर से करीब 7.5 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। इस तरह प्रत्येक पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा।
PhD और इंजीनियरिंग डिग्री वाले भी बनना चाहते हैं आरक्षक
भर्ती के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में पीएचडी धारक, बीई-बीटेक इंजीनियर, पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट अभ्यर्थी शामिल हैं।
इसके अलावा डिप्लोमा, आईटीआई, हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास युवाओं ने भी भर्ती के लिए आवेदन किया है।
गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग, 5 साल सेवा अनिवार्य
भर्ती नियमों के मुताबिक, चयनित आरक्षकों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का विकल्प दिया गया था।
नियुक्ति के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम 5 साल तक सेवा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही ट्रांसफर की प्रक्रिया संभव होगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (GRP) में भी की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर आधार से होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में आयोजित होने पर अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र और परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारियों के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
समझिए, क्या होता है अंकों का नॉर्मलाइजेशन?
जब कोई परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित होती है, तो हर शिफ्ट के प्रश्नपत्र का कठिनाई स्तर अलग हो सकता है। ऐसी स्थिति में अभ्यर्थियों के अंकों में संतुलन बनाने के लिए नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
इसे उदाहरण से समझ सकते हैं:
- पहली शिफ्ट का पेपर कठिन होने पर अभ्यर्थियों के औसत अंक कम आ सकते हैं।
- दूसरी शिफ्ट का पेपर आसान होने पर अभ्यर्थियों के औसत अंक ज्यादा हो सकते हैं।
- ऐसे में दोनों शिफ्ट के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर को ध्यान में रखकर अंकों का समायोजन किया जाता है।
इसका उद्देश्य सभी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को समान अवसर देना है।





































