दिल्ली को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी के सभी 250 वार्डों में हर मंगलवार विशेष सफाई अभियान चलाने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत 24 नवंबर से होगी। अभियान के तहत हर वार्ड में कम से कम दो किलोमीटर के क्षेत्र की सफाई की जाएगी। इसमें स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
इससे पहले सोमवार को मेयर प्रवेश वाही ने राजधानी में करीब 2.5 से 3 किलोमीटर के क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा अभियान
मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता के आह्वान से प्रेरित होकर एमसीडी दिल्ली को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को युवा स्वयंसेवकों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
एमसीडी का यह साप्ताहिक अभियान सभी 250 वार्डों में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इसके तहत सड़कों, गलियों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों और खाली प्लॉटों की सफाई की जाएगी। बार-बार कूड़ा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सफाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
अभियान की निगरानी के लिए सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें ली जाएंगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में हुए काम का आकलन किया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी यमुना और राजधानी की सफाई में जनभागीदारी की अपील कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि दिल्ली को स्वच्छ और हरा-भरा बनाना सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
