सोने की कीमतों में पिछले एक महीने के दौरान अपने उच्चतम स्तर से करीब 30% की गिरावट आई है। इससे गोल्ड लोन देने वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों (NBFC) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गिरवी रखे गए सोने की कीमत कम होने से कंपनियों के लिए कर्ज की पूरी रकम वसूलना जोखिम भरा हो गया है। वहीं, पिछले 6 महीने में गोल्ड लोन के बैड लोन यानी नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) भी लगभग दोगुने हो गए हैं।
बढ़ते जोखिम को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने NBFC कंपनियों के CEOs के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है। केंद्रीय बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि मार्च 2027 तक 10 करोड़ रुपए का नेट ओन्ड फंड हासिल नहीं करने वाली NBFC को आगे कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
सोना सस्ता होने से कर्ज वसूली का जोखिम बढ़ा
सोने की कीमतों में गिरावट के कारण गिरवी रखे गए सोने का मौजूदा बाजार मूल्य कम हो गया है। इससे कई पुराने गोल्ड लोन में बकाया कर्ज की रकम RBI के निर्धारित 85% के अनुपात से अधिक हो गई है। यह अनुपात सोने की कीमत के मुकाबले दिए जाने वाले कर्ज की सीमा से संबंधित है।
ऐसे मामलों में गिरवी रखे गए सोने की कीमत कर्ज की बकाया रकम से भी कम हो सकती है। यदि ग्राहक लोन नहीं चुकाता है, तो कंपनियों के लिए गिरवी रखा सोना बेचकर पूरी रकम वसूलना मुश्किल हो सकता है।
छह महीने में दोगुने हुए गोल्ड लोन के NPA
देश में गोल्ड लोन की किस्तें समय पर नहीं चुकाने के मामले तेजी से बढ़े हैं। क्रेडिट ब्यूरो ट्रांसयूनियन सिबिल की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 के अंत तक कुल गोल्ड लोन में डिफॉल्ट का हिस्सा 0.16% था। अगस्त के अंत तक यह बढ़कर 0.3% हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, एक से ज्यादा गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहक किस्त चुकाने में अधिक देरी कर रहे हैं। इससे गोल्ड लोन कंपनियों की चिंता बढ़ गई है।
नए नियम के बाद हर महीने ब्याज चुकाना जरूरी
जानकारों के मुताबिक, गोल्ड लोन में डिफॉल्ट बढ़ने की एक वजह कर्ज चुकाने के नियमों में हुआ बदलाव भी है। ग्राहकों को नए भुगतान सिस्टम के अनुरूप ढलने में समय लग रहा है।
दरअसल, RBI ने एक साल से अधिक अवधि वाले गोल्ड लोन पर हर महीने ब्याज वसूलने का निर्देश दिया है। पहले कई मामलों में ‘बुलेट पेमेंट’ व्यवस्था लागू थी, जिसमें ग्राहक लोन की अवधि पूरी होने पर मूलधन और ब्याज एक साथ चुकाते थे। अब हर महीने ब्याज भुगतान की व्यवस्था के कारण कुछ ग्राहकों को परेशानी हो रही है।
अंधाधुंध कर्ज बांटने से बचने की सलाह
RBI अधिकारियों ने NBFC कंपनियों को तेजी से कारोबार बढ़ाने के लिए बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के कर्ज बांटने से बचने की सलाह दी है। केंद्रीय बैंक ने कंपनियों को जोखिम का आकलन करने और जिम्मेदारी के साथ लोन देने पर जोर दिया।
इसके अलावा, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर सुरक्षा से जुड़े खतरों को देखते हुए RBI ने नई टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ साझेदारी करने से पहले उनकी पूरी जांच करने को कहा है। इसका उद्देश्य ग्राहकों के डेटा और पैसों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
24 से ज्यादा NBFC और सहकारी बैंकों के अधिकारी हुए शामिल
RBI की बैठक में गोल्ड लोन, होम लोन और छोटे कर्ज देने वाली 24 से अधिक NBFC कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इनके प्रमुख संगठनों सा-धन, MFIN और FIDC के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
इसके अलावा, केंद्रीय बैंक ने चुनिंदा अर्बन कोऑपरेटिव बैंकों (शहरी सहकारी बैंकों) के अधिकारियों के साथ अलग बैठक की। इसमें उन्हें नियमों का सख्ती से पालन करने और वित्तीय जोखिमों को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
