बिलासपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत होने के बाद भी हितग्राहियों को तीसरी और चौथी किस्त का इंतजार करना पड़ रहा है। राशि नहीं मिलने के कारण दर्जनों मकानों का निर्माण अधूरा पड़ा है। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों की सही जानकारी नहीं देने पर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधूरे आवासों को पूरा करने और नए स्वीकृत मकानों का निर्माण शुरू कराने के लिए समयसीमा तय की है।
स्वीकृत आवासों का निर्माण 30 नवंबर तक शुरू कराने के निर्देश
शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के निर्माण की रफ्तार धीमी है। बीएलसी घटक के तहत कई हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें से कुछ को पहली किस्त भी मिल गई है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।
निगम कमिश्नर ने ऐसे हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क कर 30 नवंबर तक निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को हितग्राहियों के साथ समन्वय बनाकर निर्माण में आ रही परेशानियों को दूर करने को कहा है।
किस्त नहीं मिलने से अधूरे पड़े मकान
जिन हितग्राहियों के मकान रूफ टॉप स्तर तक पहुंच चुके हैं, उन्हें 15 दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का समय दिया गया है। हालांकि, कई हितग्राहियों का कहना है कि तीसरी और चौथी किस्त की राशि नहीं मिलने से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने स्तर पर मकान का निर्माण पूरा कराने में असमर्थ हैं। कई हितग्राहियों ने मकान बनाने के लिए कर्ज लिया है या अपनी संपत्ति तक गिरवी रख दी है।
बैठक से गायब 5 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
आवास निर्माण की समीक्षा बैठक में पीएम आवास शाखा के दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी अनुपस्थित मिले। इस पर निगम कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए पांचों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
नोटिस पाने वालों में एई अनिल वासू, सब इंजीनियर प्रिया सिंह और सीएलटीसी मयंक वर्मा, कुलदीप जायसवाल तथा रविंद्र सुनहरे शामिल हैं।


