सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के सातवें दिन गुरुवार को इंदौर में क्रिकेट का रोमांच जारी है। होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर देश की प्रमुख घरेलू टीमों के बीच मुकाबले खेले जा रहे हैं। होलकर स्टेडियम में सुबह 11 बजे रेलवे और दिल्ली के बीच मैच शुरू हुआ, जिसमें रेलवे की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। इसी मैदान पर शाम 4:30 बजे सौराष्ट्र और तमिलनाडु की टीमें आमने-सामने होंगी।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि दोनों मैदानों पर मैच देखने के लिए दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। शाम का मुकाबला फ्लड लाइट में खेला जाएगा, जिससे दर्शकों को डे-नाइट क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
डेली कॉलेज में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के बीच मुकाबला
डेली कॉलेज मैदान पर सुबह 9 बजे जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के बीच मैच शुरू हुआ। मुकाबले में हरियाणा को जीत के लिए 68 गेंदों में 94 रन बनाने की जरूरत है। इसी मैदान पर दोपहर 1:30 बजे पंजाब और बिहार की टीमें भिड़ेंगी।
फ्लड लाइट में अभ्यास कर रही हैं टीमें
शाम के मुकाबले को देखते हुए टीमों ने फ्लड लाइट में पहले से अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ पिच के उछाल और मैदान की परिस्थितियों को समझने पर भी ध्यान दिया।
टूर्नामेंट में देश की कई प्रमुख घरेलू टीमें हिस्सा ले रही हैं। इससे इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों को युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का खेल करीब से देखने का मौका मिल रहा है।
अधिक जानकारी के लिए deshharpal वेबसाइट पर विजिट करें।

