दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए अगले साल दो नए अस्पताल शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा अगले महीने 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर आम लोगों के लिए खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पतालों समेत सभी निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परियोजना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, राजधानी में फिलहाल 415 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। सरकार ने पूरी दिल्ली में 1,100 ऐसे केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में अगले महीने 40 नए केंद्रों का उद्घाटन किया जाएगा।
घर के पास मिलेंगी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए लोगों को घर के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और शुरुआती जांच के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शालीमार बाग में बनेगा आधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ दिल्ली सरकार युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारी भी कर रही है। इसके तहत शालीमार बाग में अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
12वीं पास युवाओं के लिए तकनीकी कोर्स, महिलाओं को भी ट्रेनिंग
सेंटर में 12वीं पास युवाओं के लिए आईटीआई की तर्ज पर रोजगारपरक तकनीकी कोर्स शुरू किए जाएंगे। वहीं, महिलाओं के लिए बेकरी, ब्यूटी, फैशन और सिलाई समेत कई व्यावहारिक कौशल के शॉर्ट टर्म कोर्स संचालित होंगे।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी तैयार करना है। सरकार कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
अधिक जानकारी के लिए deshharpal वेबसाइट पर विजिट करें।


