रायपुर में कांग्रेस ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी वाशिंग पाउडर संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा है। देश में एक तरफ संविधान को बेचने का काम चल रहा है, तो दूसरी तरफ उसे बचाने की लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2029 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की कमान संभालेंगे।
कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, बल्कि गरीबों की रोटी और 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान का आधार है। यह युवाओं के भविष्य की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकारी दफ्तर की तरह काम कर रहा है।
दीपक बैज बोले- 2029 में राहुल गांधी संभालेंगे देश की कमान
संविधान रक्षा मार्च के दौरान दीपक बैज ने कहा कि देश में संविधान को बचाने और उसके मूल्यों की रक्षा करने की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए ‘मोदी वाशिंग पाउडर’ को संविधान के लिए खतरा बताया।
उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में संविधान को बेचने का काम चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस संविधान बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। बैज ने दावा किया कि 2029 में राहुल गांधी देश की कमान संभालेंगे।
सुखदेव भगत बोले- संविधान गरीबों की रोटी और सम्मान की गारंटी
कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं है। यह गरीबों की रोटी, 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान और युवाओं के भविष्य की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ जुड़ी जनता संविधान और उसके मूल्यों में विश्वास करती है। भगत ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह सरकारी दफ्तर के तौर पर काम कर रहा है।
ट्रेन लेट होने से देरी से पहुंचे प्रभारी
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ट्रेन लेट होने के कारण निर्धारित समय से करीब साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंचे। उनके साथ सहप्रभारी जितेन्द्र भगत और हरनाम सिंह भी मौजूद रहे।
प्रभारी के इंतजार में संविधान रक्षा मार्च का कार्यक्रम तय समय से करीब दो घंटे देरी से शुरू हुआ।


