भोपाल के फंदा क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। जनपद क्षेत्र के कई गांवों के किसान फैक्ट्री लगाने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे फंदा में रेलवे क्रॉसिंग के पास विशाल बैठक और चक्काजाम करने का ऐलान किया है।
इससे पहले गुरुवार रात ग्रामीणों ने फंदा में मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। समिति ने आंदोलन की गतिविधियों के संचालन के लिए गांव में कार्यालय भी शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए फैक्ट्री नहीं लगने देने की बात कही।
प्रदूषण और जल संकट को लेकर जताई चिंता
ग्रामीण दुर्गेश हाड़ा ने कहा कि सीमेंट फैक्ट्री शुरू होने से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ेगा। उनके मुताबिक, इससे हवा, पानी और जमीन प्रभावित हो सकते हैं। समिति का कहना है कि यदि समय रहते विरोध नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में ग्रामीणों को प्रदूषण, बीमारियों और जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
जिला पंचायत सदस्य ने CEO को सौंपा पत्र
फैक्ट्री के विरोध में जिला पंचायत सदस्य देवकुंवर हाड़ा ने जिला पंचायत CEO इला तिवारी को पत्र सौंपकर यहां फैक्ट्री की अनुमति नहीं देने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि अनिल हाड़ा ने बताया कि प्रस्तावित फैक्ट्री का स्थान भोजताल के कैचमेंट एरिया में है। उनका कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल और धूल से जल एवं वायु प्रदूषण का खतरा रहेगा। इससे ग्रामीणों की सेहत और खेती प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने भूजल के अत्यधिक दोहन की आशंका जताते हुए कहा कि इससे किसानों के सामने पानी का संकट खड़ा हो सकता है।
चक्काजाम के लिए पोस्टर जारी
आंदोलन समिति ने 28 नवंबर के चक्काजाम को लेकर पोस्टर भी जारी किया है। इसमें ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यह विरोध किसी एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और फैक्ट्री के विरोध में अपनी मांग रखी जाएगी।
फैक्ट्री से दर्जनों गांव प्रभावित होने की आशंका
समिति के अनुसार, प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री से फंदाकलां, फंदाखुर्द, बरखेड़ी, मजीदगढ़, गौर, धतूरिया, कोलुआ, इमलिया, इटावरा, खजूरी, बागरोद, बरखेड़ा, बम्होरी, खामखेड़ा, बरई, पिपलिया, पथरिया, मंडोरी, गुनगा, सलैया, नीलबड़, रातीबड़, खजूरी सड़क, रासलाखेड़ी, बागली, सेमरी, बोरदा, खजूरी कलां, टीटोदा और दीपड़ी समेत दर्जनों गांव प्रभावित हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि फैक्ट्री लगने से खेती की जमीन की गुणवत्ता प्रभावित होगी, भूजल स्तर में गिरावट आएगी और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ेगा। फिलहाल आंदोलन में शामिल गांवों के लोगों की मांग है कि क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना न की जाए।

