भारत ने 2036 ओलिंपिक और पैरालिंपिक गेम्स की मेजबानी की दावेदारी को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार, 26 नवंबर को इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना विजन और रोडमैप पेश किया। भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) ने वर्चुअल प्रेजेंटेशन के जरिए अहमदाबाद की तैयारियों, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रस्तावित आयोजन स्थलों की जानकारी दी।
इस बैठक में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और गुजरात के डिप्टी CM हर्ष सांघवी मौजूद रहे। भारतीय ओलिंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा, CEO रघुराम अय्यर और IOA एथलीट्स कमीशन की चेयरपर्सन पीवी सिंधु भी शामिल हुईं। भारत की ओर से IOC सदस्य नीता अंबानी ने भी प्रेजेंटेशन में हिस्सा लिया।
अहमदाबाद को केंद्र में रखकर पेश किया रोडमैप
प्रेजेंटेशन में अहमदाबाद को संभावित मेजबान शहर के रूप में केंद्र में रखा गया। भारत ने शहर में खेल सुविधाओं के विकास, प्रस्तावित वेन्यू प्लान और केंद्र, राज्य व स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय की जानकारी दी।
भारत ने बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के अपने अनुभव और 2036 गेम्स के लिए तैयार की जा रही दीर्घकालीन योजनाओं को भी सामने रखा।
अहमदाबाद 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भी करेगा। भारत ने इसे 2036 ओलिंपिक की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। इसके तहत शहर में विश्वस्तरीय खेल मैदान और उनसे जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की योजना पेश की गई।
30 मिनट की प्रस्तुति के बाद हुई चर्चा
करीब 30 मिनट तक चले प्रेजेंटेशन के बाद IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के बीच चर्चा हुई। इसमें आयोजन की योजना, संभावित खर्च, फंडिंग, वेन्यू मास्टरप्लान और गेम्स के आयोजन के बाद मिलने वाले दीर्घकालीन फायदों जैसे मुद्दों पर बातचीत की गई।
7 देशों के साथ बातचीत कर रहा IOC
भारत फिलहाल उन 7 देशों में शामिल है, जो 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए IOC के साथ कंटीन्यूअस डायलॉग फेज में हैं। इस प्रक्रिया के अगले चरण यानी स्ट्रैटेजिक डायलॉग की शुरुआत मार्च 2027 में होने की उम्मीद है।
भारत का यह प्रेजेंटेशन 2036 ओलिंपिक और पैरालिंपिक गेम्स की मेजबानी हासिल करने की कोशिशों का अहम हिस्सा है। हालांकि, अभी तक मेजबान देश या शहर का अंतिम चयन नहीं किया गया है।


