भोपाल की बैरसिया तहसील के ग्राम कड़ैयाशाह में पारधी समाज के एक परिवार ने मारपीट, महिला से दुर्व्यवहार और करीब 20 वर्षीय युवक के अपहरण का आरोप लगाया है। कृष्णा बाई ने कलेक्टर और डीआईजी को शिकायत देकर अपने बेटे राजीव को तलाशने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बैरसिया थाने के एक सब इंस्पेक्टर सहित गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में 27 नवंबर को जांच के आदेश दिए गए हैं।
14 साल की बेटी से दुर्व्यवहार का आरोप
आवेदन के मुताबिक, कुछ महीने पहले कृष्णा बाई की 14 वर्षीय बेटी के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था। परिवार का आरोप है कि इसकी शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस से की गई, लेकिन नाबालिग को न्याय दिलाने के बजाय डराया-धमकाया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि किशोरी को रातभर थाने में रखने के बाद अगले दिन छोड़ दिया गया। इसके बाद मां-बेटी शर्मिंदगी और तनाव के चलते घर छोड़कर राजस्थान चली गईं। शिकायत में दावा किया गया है कि वहां मानसिक तनाव और खाना-पीना छोड़ देने के कारण किशोरी की मौत हो गई।
गर्भवती महिला के पेट में डंडा मारने का आरोप
शिकायत के अनुसार, किशोरी की मौत के बाद परिवार अपनी धार्मिक परंपरा के मुताबिक खेत पर अस्थि कलश से जुड़ा कार्यक्रम करना चाहता था। इसी दौरान आरोप है कि क्षेत्रीय पुलिसकर्मियों, सब इंस्पेक्टर कौरव और गांव के कुछ लोगों ने परिवार पर डंडों से हमला कर दिया।
परिवार का कहना है कि मौके पर तीन लोगों की पिटाई की गई। एक गर्भवती महिला के पेट में डंडा मारने और कार्यक्रम में शामिल होने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
मातम के बीच युवक को ले जाने का आरोप
परिवार का आरोप है कि इसी दौरान करीब 20 वर्षीय राजीव को मारपीट करते हुए अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। परिजनों ने आशंका जताई है कि राजीव की हत्या कर दी गई या उसका अपहरण कर कहीं ले जाया गया है।
ज्ञापन में 112 पर सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और पुलिस द्वारा परिवार को ही धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। परिजनों ने राजीव को तत्काल तलाशने, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर 23 नवंबर 2026 की तारीख अंकित है।
थाना प्रभारी बोले- बेची हुई जमीन पर अस्थि दफन कर रहे थे
थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि कृष्णा बाई के ससुर पांच एकड़ जमीन तीन साल पहले 7 लाख रुपए में बेच चुके हैं। जमीन बेचने के बाद कृष्णा का परिवार गुना में शिफ्ट हो गया था। किशोरी की मौत राजस्थान में हुई थी।
थाना प्रभारी के मुताबिक, अस्थि विसर्जन के लिए कृष्णा बाई और उनका परिवार ग्राम कड़ैयाशाह स्थित बेची हुई जमीन पर पहुंचा था। वहां वे अस्थि दफन कर रहे थे। इससे नाराज जमीन मालिक गोवर्धन मीणा, घोटा मीणा और जगदीश मीणा ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला के पति पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि विवाद के कारण तनाव की स्थिति बन गई थी। स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए एसआई कौरव और उनकी टीम ने डायल 112 पर मिले इवेंट के आधार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए और भीड़ को तितर-बितर किया। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की जांच करा रहे हैं।







































