राजस्थान के स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की छठ महापर्व, सिंदूर और महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार रात बिलासपुर में लोग थाने पहुंचे। पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज और शहरवासियों ने एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारी सिविल लाइन थाने और पुलिस कार्यालय पहुंचे। छठ पूजा समिति बिलासपुर की ओर से थाना प्रभारी सिविल लाइन और एडिशनल एसपी शहर को आवेदन सौंपा गया। समाज के लोगों ने कहा कि कथित टिप्पणी से सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। समिति का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर धार्मिक आस्था, क्षेत्रीय पहचान और महिलाओं के सम्मान को आहत करने की छूट नहीं दी जा सकती। बिलासपुर में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। शहर में एशिया का सबसे बड़ा स्थायी छठ घाट है, जहां हर साल बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु सूर्योपासना के लिए जुटते हैं। महिलाओं के सम्मान से जुड़ा है मामला: प्रवीण झा छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संस्कृति और महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडियन की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व, क्षेत्र या महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। लोकप्रियता के लिए भावनाओं से खिलवाड़ न करें: रौशन सिंह समिति के सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि उनकी मांग किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने की नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने की है। किसी को भी लोकप्रियता पाने के लिए समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल वीडियो हटाने या माफी मांगने से मामला खत्म नहीं होगा। पुलिस निष्पक्ष जांच करे और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड हुआ था वीडियो यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर के रहने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वे ‘अलमोस्ट यश’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं। विवाद की शुरुआत उनके स्टैंडअप शो के एक वीडियो से हुई, जिसे 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। इसमें उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। माफी के बाद भी जारी है विवाद विरोध बढ़ने पर कॉमेडियन ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। इसके बावजूद विवाद नहीं थमा। 24 नवंबर को पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। वहीं, 26 नवंबर को दिल्ली के साकेत थाने में भी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। अब बिलासपुर में भी विभिन्न संगठनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद प्रदर्शन में छठ पूजा समिति के अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सीएम सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा, पंकज सिंह, विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर झा और ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ऐसी ही ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें Desh Har Pal वेबसाइट।