सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर झिरा घाटी के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय नंदिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता छुट्टन महोबिया (58) और 5 वर्षीय बेटा हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के बोहानी निवासी छुट्टन महोबिया अपनी बेटी नंदिनी और नाती हिमांशु के साथ बाइक से बोहानी जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे झिरा घाटी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान नंदिनी ट्रक की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके पिता और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जबलपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने नंदिनी के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
आठ महीने पहले हुई थी नंदिनी की शादी
देवरी की कुसुम विहार कॉलोनी में रहने वाले शिक्षक सीताराम लढ़िया ने बताया कि नंदिनी उनकी साली थीं, लेकिन बेटी की तरह उनके साथ रहकर पढ़ाई करती थीं। इसी साल अप्रैल में उनकी शादी ग्राम छिंदली निवासी पवन अहिरवार से हुई थी। शादी के महज आठ महीने बाद ही सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।
सीताराम के मुताबिक, नंदिनी अपने पिता के साथ बोहानी स्थित घर जा रही थीं। बाइक पर उनका 5 वर्षीय बेटा हिमांशु भी था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। नंदिनी का शव देवरी लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद ग्राम छिंदली में उनका अंतिम संस्कार किया गया।






































