भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा से पूछताछ करेगी। इसके लिए पुलिस उन्हें नोटिस जारी करेगी। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने 24 नवंबर को क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से शिकायत कर पीसी शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, छत्रसाल नगर फेस-2 पिपलानी निवासी संतोष वर्मा (57) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नितिन नवीन का कथित रूप से छेड़छाड़ किया गया वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। इसे कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने भी अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था।
शिकायत में वीडियो से छेड़छाड़ कर जनता को गुमराह करने का आरोप
शिकायतकर्ता संतोष वर्मा ने पुलिस को बताया कि वीडियो के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई है। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
उन्होंने पुलिस को नितिन नवीन का मूल वीडियो भी उपलब्ध कराया है। आरोप है कि मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर दूसरा वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
वायरल और मूल वीडियो का परीक्षण कराएगी पुलिस
वायरल वीडियो में नितिन नवीन चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि पाकिस्तान के मंत्री डेलीगेट्स के रूप में भारत आ रहे हैं और यह फैसला भारत ने चीन के दबाव में लिया है।
अब क्राइम ब्रांच मूल और वायरल वीडियो का तकनीकी परीक्षण कराएगी। इसके साथ ही पीसी शर्मा को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि उन्हें यह वीडियो कहां से मिला और किस आधार पर उन्होंने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया।

