लोकसभा चुनाव 2029 में टिकट मिलने के सवाल पर दिए बयान से सियासी हलचल मचने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई बात अहंकार नहीं, बल्कि सच्चाई थी। पार्टी ने उन्हें कभी टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए राजी किया है।
दरअसल, दो दिन पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उमा भारती से आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने को लेकर सवाल किया था। इस पर उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा था कि किसी की औकात नहीं है, जो उन्हें टिकट दे। वह खुद तय करती हैं कि उन्हें चुनाव लड़ना है या नहीं। उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
उमा बोलीं- योगदान देने की क्षमता हो तो संगठन और जनता हाथोंहाथ लेते हैं
शुक्रवार को उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट किया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के अधिकतर नेता सामान्य परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय सेवा के निरंतर प्रयासों से जनता और कार्यकर्ताओं की नजर में ऊंचे उठे हैं। पार्टी भी इसी आधार पर उन्हें जिम्मेदारियां देती रही है।
उमा ने कहा कि टिकट मिलना चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जरूरी एक वैधानिक औपचारिकता है। उनकी राय में चुनावी जिम्मेदारी मिलने के पीछे तीन बातें महत्वपूर्ण होती हैं- व्यक्ति स्वयं, उसकी जरूरत और योगदान देने की क्षमता।
उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति में ये तीनों बातें होती हैं तो जनता और संगठन के कार्यकर्ता उसे खुद ही हाथोंहाथ लेते हैं।
मोहन सरकार से संतुष्ट, बोलीं- सभी जनप्रतिनिधि दें साथ
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से चर्चा के दौरान उमा भारती ने मध्यप्रदेश सरकार के कामकाज और शराबबंदी के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी थी।
उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बेहद प्रसन्न और संतुष्ट हैं। हालांकि, उनका मानना है कि जब तक सभी जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री का साथ नहीं देंगे, तब तक कोई भी मुख्यमंत्री पूरी तरह सफल नहीं हो सकता।
शिवराज सरकार के समय बनी थी बेहतरीन शराब नीति
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों और शराब दुकानों के बाहर लगाए गए मेडिकल कैंप को लेकर सवाल पूछे जाने पर उमा भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार के समय बेहतरीन शराब नीति बनाई गई थी। इसके कॉमा और फुलस्टॉप तक उन्होंने खुद तय किए थे।
उमा ने कहा कि पुलिस हर जगह डंडा लेकर नहीं घूम सकती। ऐसे में पंच, सरपंच, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और सांसद समेत सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने शराब छोड़ने के इच्छुक लोगों की मदद के लिए प्रत्येक जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोलने की जरूरत भी बताई।

