हरियाणा के भिवानी जिले के सिवानी में गुरुवार शाम दो बदमाशों ने अनाज व्यापारी जय मोहन से करीब 54 लाख रुपए लूट लिए। वारदात माता मनसा देवी मंदिर के पास रेलवे अंडरब्रिज से आगे हुई। बदमाशों ने लूट के लिए अनोखा तरीका अपनाया। एक आरोपी सड़क पर लेट गया और व्यापारी की कार रुकवा दी। जैसे ही व्यापारी कार से नीचे उतरे, दूसरा बदमाश भी वहां पहुंच गया। दोनों नकदी से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
ग्वार खरीदने के लिए ले जा रहे थे 54 लाख रुपए
जानकारी के मुताबिक, गांव ढाणी सिलावाली निवासी व्यापारी जय मोहन अपनी वरना कार से सिवानी आ रहे थे। उनके पास करीब 54 लाख रुपए थे, जिन्हें वे ग्वार खरीदने के लिए लेकर जा रहे थे।
NH-52 के पुल के नीचे वाले रास्ते पर उन्हें सड़क पर एक व्यक्ति लेटा दिखाई दिया। उसके पास एक मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। व्यापारी ने कार रोककर जैसे ही नीचे कदम रखा, सड़क पर लेटा युवक खड़ा हो गया। इसी दौरान दूसरा बदमाश भी मौके पर पहुंच गया।
दोनों आरोपियों ने कार में रखा नकदी से भरा थैला उठाया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
DSP और CIA टीम ने शुरू की जांच
लूट की सूचना मिलते ही DSP सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी रिसाल सिंह और CIA की टीम घटनास्थल पर पहुंची। DSP ने व्यापारी जय मोहन से अलग से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शुरुआती बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। DSP सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश जारी है।

