भोपाल में शनिवार शाम मंत्री विश्वास सारंग की कार को ओवरटेक करने के दौरान एक फॉर्च्यूनर चालक ने कट मार दिया। घटना के बाद मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार का पीछा किया और करीब आधा किलोमीटर दूर चालक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे तलैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
थाना प्रभारी दीपक डेहरिया के मुताबिक, फॉर्च्यूनर चालक की पहचान जीशान खान निवासी सिलाई खाना के रूप में हुई है। आरोपी खुद को बिल्डर बता रहा है। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों के साथ उसकी झूमाझटकी होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, घटना भारत टॉकीज के पास हुई। फॉर्च्यूनर चालक द्वारा मंत्री की कार को ओवरटेक करते समय कट मारने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसका पीछा किया। करीब 500 मीटर दूर उसे रोककर पकड़ लिया गया और तलैया थाने ले जाया गया।
शिकायत मिलने के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात तक मंत्री के सुरक्षाकर्मियों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि, पुलिस ने जीशान खान को हिरासत में रखा है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रात करीब 11:30 बजे तक आरोपी के परिजन और परिचित बड़ी संख्या में तलैया थाने के बाहर मौजूद थे।
ऐसी ही भोपाल और मध्य प्रदेश की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें Desh Har Pal वेबसाइट।

