इंदौर की 30 वर्षीय हरप्रीत कौर होरा, जो राजमोहल्ला की रहने वाली थीं, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हुए भीषण हादसे में अपनी जान गंवा बैठीं। वह अपने मायके अहमदाबाद से पति रॉबी होरा से मिलने लंदन जा रही थीं। उनका टिकट पहले 19 जून का था, लेकिन पति का जन्मदिन साथ मनाने के लिए उन्होंने आखिरी वक्त पर 12 जून की फ्लाइट ली—जो हादसे का शिकार हो गई।

एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन महज दो मिनट बाद एयरपोर्ट की दीवार और कस्टम कार्गो ऑफिस से टकरा गई। इस भयावह दुर्घटना में 265 लोगों की जान चली गई, जिनमें 241 पैसेंजर थे। फ्लाइट में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, 52 ब्रिटिश, 6 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक भी सवार थे।
हरप्रीत बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में काम करती थीं, जबकि उनके पति लंदन में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं। दोनों की शादी को पांच साल हो चुके थे। उनके परिवार के अनुसार, हरप्रीत दिसंबर में इंदौर आई थीं और इस बार लंदन जाने से पहले अपने पिता से मिलने अहमदाबाद आई थीं। अब रॉबी होरा इंदौर पहुंच चुके हैं और पत्नी की अंतिम यात्रा में शामिल होने अहमदाबाद रवाना होंगे। https://deshharpal.com/
