उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की मिनी ट्रैवलर बस अलकनंदा नदी में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौत, 8 घायल और 9 अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यात्रियों का यह ग्रुप राजस्थान के उदयपुर और गोगुंदा इलाके से था, जो केदारनाथ दर्शन के बाद बद्रीनाथ जा रहा था।
ट्रक की टक्कर से मिनी ट्रैवलर नदी में गिरी
गुरुवार सुबह घोलतीर क्षेत्र, रुद्रप्रयाग में एक ट्रक ने पीछे से मिनी ट्रैवलर को टक्कर मार दी, जिससे वह सीधे गहरी खाई से लुढ़कती हुई अलकनंदा नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोग राजस्थान के थे। ट्रैवलर गिरते ही कुछ यात्री पहाड़ी पर लटकते हुए बच गए, जिन्हें बाद में एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने बाहर निकाला।
सभी यात्री सोनी परिवार से, एक साथ कर रहे थे यात्रा
हादसे का शिकार हुए यात्रियों में अधिकतर गोगुंदा निवासी सोनी परिवार के सदस्य हैं। ललित सोनी, जो वर्तमान में सूरत में ज्वैलरी का व्यापार करते हैं, अपने पूरे परिवार और रिश्तेदारों के साथ चारधाम यात्रा पर निकले थे। उनके साथ पत्नी, चार बच्चे, बहनें, दामाद, मां और अन्य पारिवारिक सदस्य मौजूद थे।


रिश्तेदारों से मिली जानकारी, कुछ घायल अस्पताल में भर्ती
ललित सोनी के रिश्तेदार कुंदन सोनी, जो उदयपुर में रहते हैं, ने बताया कि 10 दिन पहले परिवार केदारनाथ दर्शन कर चुका था और अब बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ था। उन्होंने बताया कि “हमारी बात ईश्वर सोनी और भावना से हुई है, जो घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।”
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, NDRF और SDRF मौके पर
घटनास्थल पर NDRF और SDRF की टीमों के साथ स्थानीय पुलिस राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। लापता लोगों की तलाश जारी है और घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।
उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा:
“रुद्रप्रयाग में टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत दुखद है। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। मैं ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”
Permalink(https://deshharpal.com): rudraprayag-bus-accident-alknanda-rajasthan-tourists-dead-missing
