लखनऊ से देश हरपल की रिपोर्ट:
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आज लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली। वर्ष 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सेना को लेकर दिए गए कथित बयान के कारण दर्ज मानहानि के एक मामले में उन्हें जमानत मिल गई है।
राहुल गांधी आज दोपहर लखनऊ एयरपोर्ट पर चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे और सीधे कोर्ट पहुंचे। उन्होंने अदालत में औपचारिक रूप से सरेंडर किया, जिसके बाद उनके वकील ने जमानत याचिका दाखिल की। कोर्ट ने यह याचिका स्वीकारते हुए 20-20 हज़ार रुपये की दो जमानतें भरने की शर्त पर उन्हें जमानत दे दी।
क्या था मामला?
यह मामला 2022 की भारत जोड़ो यात्रा के समय का है, जब राहुल गांधी ने कथित रूप से ऐसा बयान दिया था जो सेना की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया।
इस बयान के खिलाफ मानहानि की याचिका एक स्थानीय याचिकाकर्ता द्वारा दाखिल की गई थी, जिसमें कहा गया कि इससे सैनिकों के मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
कोर्ट ने राहुल गांधी को इस बयान के सिलसिले में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया था, जिसपर उन्होंने आज लखनऊ कोर्ट में हाज़िरी दी और औपचारिक सरेंडर किया
कोर्ट की कार्यवाही:
राहुल गांधी के वकील ने अदालत से ज़मानत की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर करते हुए उन्हें राहत दे दी। कोर्ट ने कहा कि उन्हें 20-20 हज़ार रुपये की दो जमानतें देनी होंगी।
एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का स्वागत
लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
यूपी कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, और कई सांसद भी इस दौरान मौजूद रहे।
राहुल गांधी कुछ घंटों में ही चार्टर्ड फ्लाइट से वापस दिल्ली रवाना हो गए।
