Ayodhya Ram Mandir में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में जांच तेज हो गई है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिया गया युवक रुदौली क्षेत्र का रहने वाला है। जांच के दौरान उसके घर से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दानपात्रों में जमा राशि की गिनती और उससे जुड़े कार्यों में उसकी क्या भूमिका थी।
कई कर्मचारी जांच के दायरे में
अधिकारियों के अनुसार मामले में केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि चढ़ावे की गिनती और प्रबंधन से जुड़े कई कर्मचारी भी जांच के दायरे में हैं। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक दान राशि की गिनती और रिकॉर्ड में कथित अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई। अब जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और संभावित लापरवाही या गड़बड़ी की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
सात दिनों में रिपोर्ट देगी SIT
Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust के अनुरोध पर गठित SIT को सात दिनों के भीतर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी।
