Bhopal के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शुभम एंटरप्राइजेस फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईवुड, केमिकल और थिनर रखा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।
नगर निगम की दमकल टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि शनिवार दोपहर तक फैक्ट्री के अंदर कई जगह आग सुलगती रही।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग लगने की घटना शुक्रवार-शनिवार की देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गांधीनगर, गोविंदपुरा, कोलार, बैरागढ़, फतेहगढ़, आईएसबीटी और कबाड़खाना फायर स्टेशन से दमकलें मौके पर पहुंचीं।
आग बुझाने के लिए पानी के कई टैंकर भी लगाए गए। सुबह करीब 9 बजे तक आग की बड़ी लपटों पर काबू पाया गया, लेकिन लकड़ी और केमिकल की वजह से अंदर आग लगातार सुलगती रही।
फैक्ट्री में बनते हैं दरवाजे और ब्लैक बोर्ड
जानकारी के मुताबिक, शुभम एंटरप्राइजेस में प्लाईवुड, लकड़ी के दरवाजे और ब्लैक बोर्ड बनाए जाते हैं।
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी का सामान और ज्वलनशील केमिकल रखा था। इसी वजह से पानी डालने के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ पा रही थी।
फायर फाइटर पंकज यादव ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद से फैक्ट्री का हिस्सा तोड़ा गया। इसके बाद लकड़ी को अलग-अलग कर आग बुझाने का काम किया गया।
आसपास की फैक्ट्रियों को बचाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के आसपास तीन से चार अन्य फैक्ट्रियां भी मौजूद थीं।
आग उन तक न पहुंचे, इसके लिए दमकलकर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोका।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग बुझाने में करीब 100 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया।
अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
