Bihar में सरकारी टेंडर घोटाले की जांच के तहत स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पूर्व चीफ इंजीनियर समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला कथित टेंडर घोटाले और भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच पिछले काफी समय से चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार अधिकारियों में भवन निर्माण विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर, वित्त विभाग के जॉइंट सेक्रेटरी रैंक के अधिकारी और नगर विकास विभाग के पूर्व कार्यपालक अभियंता शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी गिरफ्तारियां
इस मामले में जांच एजेंसियां पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। कथित मास्टरमाइंड रिशु श्री और उसके सहयोगियों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। साथ ही कुछ आईएएस अधिकारियों को निलंबित भी किया गया है।
ईडी की जांच में बड़े खुलासे
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में सामने आया था कि इस घोटाले से जुड़े नेटवर्क ने टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी कर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति बनाई। छापेमारी में 11 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति और नकदी भी मिलने की जानकारी सामने आई थी।
