राजस्थान के बीकानेर में भाई-बहन के बीच मामूली कहासुनी ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया। कोटगेट थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई को इस हालत में देखकर उसकी 15 वर्षीय बड़ी बहन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। किशोरी का अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी है।
घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे की है। उस समय बच्चों के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद दोनों बच्चों को पीबीएम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया, जबकि बहन का उपचार जारी है।
मामूली कहासुनी के बाद उठाया कदम
कोटगेट थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाई-बहन के बीच किसी छोटी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान बड़ी बहन ने छोटे भाई को डांट दिया। इससे नाराज होकर किशोर पहली मंजिल पर बने कमरे में गया और चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद पड़ोसियों ने खिड़की से उसे फंदे पर लटका देखा और इसकी सूचना बहन को दी। जब बहन ऊपर पहुंची तो भाई को उस हालत में देखकर सदमे में आ गई और उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर तक जाने का रास्ता काफी संकरा होने के कारण एम्बुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में दोनों बच्चों को करीब 100 मीटर दूर खड़ी एम्बुलेंस तक स्ट्रेचर के जरिए ले जाया गया।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:deshharpal.com



