बिलासपुर। रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह का जीआरपी बिलासपुर ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने ट्रेनों में महिलाओं के हैंडबैग, नकदी और जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही सात अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जीआरपी थाना प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती ने बताया कि पामगढ़ निवासी दिनेश कुमार पंकज की पत्नी ने ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल कोच से करीब 95 हजार रुपये मूल्य के जेवरात से भरे हैंडबैग की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगीं आरोपी महिलाएं
चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र की चार महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई मिलीं। पुलिस को देखकर वे भागने लगीं, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में महिलाओं ने अपना संबंध नागपुर के अंजनी थाना क्षेत्र से बताया।
रायपुर से रायगढ़ के बीच ट्रेनों में करती थीं चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह के रूप में रायपुर से रायगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेनों में महिलाओं को निशाना बनाती थीं। गिरोह महिलाओं के हैंडबैग, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था।
नागपुर में बेच दिए जाते थे चोरी के जेवर
आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए जेवरात नागपुर की ज्वेलरी दुकानों में बेच दिए जाते थे। इसके बाद मिली रकम को गिरोह के सदस्यों के बीच बांट लिया जाता था।
24 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से कुल 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इनमें पूनम विनेश मानकर और अरुणा विट्ठल उइके के पास से 10-10 हजार रुपये, जबकि अनीता मंगल सिंह और चैत्रा लोढ़े के पास से 2-2 हजार रुपये मिले हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसी कोच में चोरी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
जीआरपी ने एक अन्य कार्रवाई में उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस के एसी कोच में चोरी करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। ग्वालियर निवासी यात्री जय सावनानी के बैग से सोने की चेन और 25 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे।
साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से दुर्ग निवासी फरहान तासिरखान (39) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
स्टेशन पर चोरी की नीयत से घूम रही 7 महिलाएं भी पकड़ी गईं
जीआरपी की नियमित जांच के दौरान रेलवे प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध रूप से घूम रही सात महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी महिलाएं महाराष्ट्र की रहने वाली हैं और चोरी की नीयत से स्टेशन परिसर में घूम रही थीं।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
जीआरपी ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें —www.deshharpal.com


