Bilaspur में नशे और अवैध शराब के खिलाफ अब ग्राम पंचायतें भी सक्रिय हो गई हैं।
जिला मुख्यालय से सटे ढेका ग्राम पंचायत में गुरुवार को सरपंच और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान लोगों से शराब और नशे से दूर रहने की अपील की गई।
साथ ही अवैध शराब बेचने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
गांव-गांव जाकर लोगों को किया जागरूक
ढेका ग्राम पंचायत के सरपंच मनीष घोरे और अन्य जनप्रतिनिधि गांव में लगातार नशामुक्ति अभियान चला रहे हैं।
वे ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव समझा रहे हैं और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील कर रहे हैं।
यह अभियान लालखदान महमंद से लगे ढेका पंचायत क्षेत्र में हाईवे किनारे ढाबों और दुकानों में चल रही अवैध गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है।

“अवैध दारू-गांजा बंद करो” के लगे नारे
रैली के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने “अवैध दारू-गांजा बंद करो” के नारे लगाए।
सरपंच मनीष घोरे ने ग्रामीणों से हाथ जोड़कर अपील की कि गांव को नशामुक्त बनाने में सभी सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और पुलिस अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करती है, तो पंचायत किसी भी आरोपी का समर्थन नहीं करेगी।
अवैध कारोबारियों को दी चेतावनी
अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने ढाबों, चाय-नाश्ते की दुकानों और ठेलों की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर भी नाराजगी जताई।
उन्होंने ऐसे कारोबारियों को तुरंत अवैध गतिविधियां बंद करने की चेतावनी दी।
साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सूचना देने की अपील
ग्रामीणों को बताया गया कि नशे की वजह से गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं पर इसका गलत असर पड़ रहा है।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और ग्राम पंचायत को दें।
यह अभियान एसएसपी रजनेश सिंह की पहल से जुड़कर चलाया जा रहा है।
अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
