छत्तीसगढ़ में बीच सड़क मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोरबा और बिलासपुर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां लात-घूंसे और डंडे तक चल गए। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
कोरबा में हाथ टकराने पर बवाल
पहला मामला कोरबा जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र का है। 11 अप्रैल की रात करीब 10 बजे निहारिका स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने भीड़ के बीच हाथ टकराने से विवाद शुरू हुआ।
देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। एक युवक ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी का डंडा लेकर दूसरों पर हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे पकड़कर जमकर लात-घूंसे बरसाए। काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा।
VIDEO वायरल, 3 आरोपी गिरफ्तार
घटना के समय पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में वीडियो वायरल होने के बाद 14 अप्रैल को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- शिवम सिंह (25), नगर निगम कॉलोनी
- मयूर टांक (25), सीएसईबी कॉलोनी
- सोमेश दीवान (27), सीएसईबी कॉलोनी रामपुर
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।

बिलासपुर में युवक को घेरकर पीटा
दूसरा मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र का है। सिरगिट्टी के गणेश नगर निवासी शेख इकबाल 13 अप्रैल की रात रेलवे स्टेशन के पास स्थित मुल्कराज होटल से खाना लेकर लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में लक्की दास और पंकज से उनका विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों ने अपने साथियों को बुला लिया और युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे और मुक्कों से मार रहे हैं। इस हमले में वह घायल हो गया।

देर रात तक खुले होटल पर उठे सवाल
रेलवे स्टेशन के पास स्थित मुल्कराज होटल देर रात तक खुला रहता है, जहां अक्सर युवकों की भीड़ लगी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वजह से इलाके में मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
लोगों का आरोप है कि पहले भी यहां कई बार झगड़े हो चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
👉 ताज़ा अपडेट और ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
