अपडेट: सोमवार, 10 नवंबर 2025 | 📍स्थान: लाल किला मेट्रो स्टेशन, दिल्ली
धमाके से हिली दिल्ली: लाल किले के पास कार में भीषण विस्फोट, 10 की मौत, 40 घायल
दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहर लाल किले के पास सोमवार देर शाम करीब 7 बजे एक भीषण धमाका हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास की दुकानों और घरों के शीशे तक चटक गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद वहां आग की लपटें उठीं और आसपास खड़ी कई कारें भी जलकर खाक हो गईं। मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने लाल किला धमाके पर बयान देते हुए कहा कि, “आज शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर एक कार, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी, लाल बत्ती पर रुकते ही अचानक विस्फोट का शिकार हो गई। इस धमाके की वजह से आसपास खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।”
उन्होंने आगे बताया कि, “घटनास्थल पर सभी जांच एजेंसियां, जिनमें एफएसएल (FSL) और एनआईए (NIA) शामिल हैं, मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है। धमाके में कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायल हैं। फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।”
कमिश्नर गोलचा ने यह भी कहा कि, “गृह मंत्री ने हमें तलब किया है और हम लगातार उन्हें जांच की हर अपडेट साझा कर रहे हैं।”
NIA और दिल्ली पुलिस ने संभाली जांच
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एनआईए (National Investigation Agency) की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस कमिश्नर ने तुरंत गृह मंत्रालय को पूरी घटना की रिपोर्ट भेजी, जिसके बाद दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी आतंकी साजिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल इलाके को सील कर दिया गया है और जांच के लिए एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है।
दमकल विभाग ने बुझाई आग, कई लोगों को अस्पताल भेजा गया
धमाके के बाद दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 40 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) और सब्जी मंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, पर जांच जारी
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
देश हरपल आपसे अपील करता है कि अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें।

