स्पोर्ट्स डेस्क | DeshHarpal
खेल जगत में शनिवार को कई बड़ी उपलब्धियां देखने को मिलीं। भारतीय हाई जम्पर सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग में इतिहास रचते हुए कांस्य पदक जीता। वहीं, वेस्टइंडीज महिला टीम ने वनडे इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में भारतीय बल्लेबाज तजिंदर सिंह की विस्फोटक पारी की बदौलत एमआई न्यूयॉर्क ने अहम जीत हासिल की। इसके अलावा JSW इंस्पायर को भारतीय दल का आधिकारिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर बनाया गया है।

डायमंड लीग में सर्वेश कुशारे ने रचा इतिहास
महाराष्ट्र के 31 वर्षीय हाई जम्पर सर्वेश कुशारे ने मोनाको डायमंड लीग में 2.26 मीटर की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही वह डायमंड लीग में पोडियम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर बन गए हैं।
सर्वेश ने टोक्यो ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुतज एसा बारशिम, इटली के जियानमार्को तांबेरी और अमेरिका के जूवॉन हैरिसन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा। यूक्रेन के ओलेह डोरोशचुक ने 2.32 मीटर के साथ स्वर्ण और ब्रिटेन के जैक किमनि ने 2.30 मीटर के साथ रजत पदक जीता।
नासिक के एक किसान परिवार से आने वाले सर्वेश ने हाल ही में 2.31 मीटर की छलांग लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था और मौजूदा सीजन में एशिया के नंबर-1 हाई जम्पर बने हैं।
वेस्टइंडीज महिला टीम का सबसे बड़ा सफल रन चेज
आयरलैंड के खिलाफ खेले गए महिला वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 270 रन का लक्ष्य सिर्फ एक विकेट खोकर 35.4 ओवर में हासिल कर लिया। यह टीम के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज है।
कप्तान हेली मैथ्यूज ने नाबाद 159 रन बनाए, जबकि रीआना ग्रिमंड ने 91 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 258 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।
इससे पहले आयरलैंड ने 269 रन बनाए थे, जिसमें एमी हंटर ने 96 रन का योगदान दिया।

MLC में तजिंदर सिंह की विस्फोटक पारी
मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क ने सिएटल ऑर्कास को 17 रन से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने शुरुआती झटकों के बाद तजिंदर सिंह और कप्तान कीरोन पोलार्ड की साझेदारी से वापसी की। तजिंदर सिंह ने मात्र 27 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए, जबकि पोलार्ड ने 54 रन की अहम पारी खेली।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिएटल ऑर्कास मजबूत स्थिति में थी, लेकिन अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गंवाने के कारण टीम 17 रन से मुकाबला हार गई।
भारतीय खिलाड़ियों की आधिकारिक किट बनाएगा JSW इंस्पायर
JSW ग्रुप के एक्टिववियर ब्रांड JSW इंस्पायर को 2026 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स, जापान एशियन गेम्स, डकार यूथ ओलिंपिक और रियाद एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट्स गेम्स के लिए भारतीय दल का आधिकारिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर बनाया गया है।
JSW स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा कि नई किट खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। वहीं, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा ने इसे भारतीय खेलों के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी बताया।
अधिक खेल समाचार और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें deshharpal.com
