भोपाल। देश के कई हिस्सों में पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की मांग अचानक बढ़ने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने राहत देने वाला कदम उठाया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने रविवार की छुट्टी के बावजूद अपने टर्मिनल और भंडारण केंद्र चालू रखे, ताकि आम लोगों को ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े।
तेल कंपनियों का कहना है कि उनका पूरा फोकस इस समय निर्बाध ईंधन आपूर्ति बनाए रखने पर है। इसी वजह से सप्लाई नेटवर्क को 24 घंटे एक्टिव मोड में रखा गया।
मध्य प्रदेश में इन शहरों से जारी रही सप्लाई
मध्य प्रदेश में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने इटारसी और रतलाम स्थित लोकेशनों से लगातार संचालन किया। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने सागर और जबलपुर से सप्लाई व्यवस्था संभाली।
कंपनियों के अधिकारियों के मुताबिक, बढ़ती मांग को देखते हुए स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट और डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी जिले में पेट्रोल या डीज़ल की कमी न हो।
24×7 मोड में काम कर रही हैं टीमें
तेल कंपनियों ने बताया कि सप्लाई टीम, टर्मिनल स्टाफ, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और कई चयनित पेट्रोल पंप लगातार चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।
उद्देश्य साफ है—देशभर में ईंधन की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान कंपनियों ने “हम सदैव आपके साथ हैं” संदेश के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
Panic Buying से बचने की अपील
तेल विपणन कंपनियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें। कंपनियों के अनुसार, पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लगातार निगरानी की जा रही है।
लोगों से यह भी कहा गया है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
अधिकारियों ने क्या कहा
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मध्य प्रदेश राज्य कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक एवं राज्य प्रमुख अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों तक समय पर ईंधन पहुंचाना कंपनियों की प्राथमिकता है।
हर ख़बर, हर पल — सिर्फ़ देशहरपल पर!
