ग्वालियर के ऐतिहासिक किले में घूमने आई एक रशियन महिला पर्यटक के साथ हुई एक शर्मनाक घटना सामने आई है। एक स्थानीय इन्फ्लुएंसर ने “मजाक” के नाम पर महिला के साथ अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि रूस से आए पर्यटकों का एक दल आगरा से ग्वालियर घूमने पहुंचा था। दोपहर के समय जब वे किले का दौरा कर रहे थे, तभी एक इन्फ्लुएंसर उनसे बातचीत करने लगा। उसने एक विदेशी महिला को रील बनाने के लिए तैयार किया, लेकिन हिंदी भाषा से अनजान होने का फायदा उठाते हुए उसके साथ आपत्तिजनक बातें कही और वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो में महिला को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या कहा जा रहा है। वह मुस्कुराते हुए “यस-यस” कहती नजर आई, जबकि इन्फ्लुएंसर कैमरे पर अश्लील टिप्पणी कर रहा था।

सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई। यूजर्स का कहना है कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ ग्वालियर बल्कि पूरे देश की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और विदेशी पर्यटकों के बीच गलत संदेश देती हैं।
पहले भी विवादों में रहा इन्फ्लुएंसर
जानकारी के मुताबिक, यह वही इन्फ्लुएंसर है जो पहले भी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और हाइवे पर हवाई फायरिंग जैसे मामलों को लेकर चर्चा में रह चुका है। अब यह नया वीडियो पुलिस तक पहुंच गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पर्यटन पर पड़ सकता है असर
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं से ग्वालियर की पर्यटन छवि प्रभावित होती है। कई पर्यटक आगरा के बाद सीधे झांसी या ओरछा चले जाते हैं और ग्वालियर में रुकने से बचते हैं।
👉 ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहें www.deshharpal.com Portal के साथ।

